पीएचसी बसंतपुर-बहेड़ाखाल पहुंची सीएमओ, खामियां सुधारने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पीएचसी बसंतपुर-बहेड़ाखाल पहुंची सीएमओ, खामियां सुधारने के निर्देश


पौड़ी गढ़वाल, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बुधवार को कोट ब्लॉक के पीएचसी बसंतपुर टाइप-ए और पीएचसी बहेड़ाखाल टाइप-ए का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पतालों में ओपीडी, स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों व आवासीय भवनों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बहेड़ाखाल अस्पताल भवन के क्षतिग्रस्त पुस्ते को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने उसकी शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। ओपीडी रजिस्टरों की जांच में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। उन्होंने एएनएम को एएनसी और टीकाकरण से जुड़े रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट करने तथा अभिलेखों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।

सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता मदन सिंह नयाल, प्रभारी चिकित्साधिकारी कोट डॉ. उपेंद्र, एसीएमओ डॉ. अमित मेहरा, जेई आयुष मोहन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story