पैठाणी महाविद्यालय में छात्र संघ पदाधिकारियों ने ली शपथ
पौड़ी गढ़वाल, 29 सितंबर (हि.स.)।राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास-पैठाणी में मंगलवार को नव निर्वाचित छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में निर्वाचन अधिकारी डॉ. कुमार गौरव जैन ने छात्र संघ पदाधिकारियों और मनोनीत कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
महाविद्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एक-एक नामांकन आने के कारण तीनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। अध्यक्ष पद पर दिव्यांशु डौंडियाल, उपाध्यक्ष पद पर मनीष गुसाईं और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर कुमारी पूनम निर्वाचित हुईं। सचिव, सहसचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ।
मनोनीत कार्यकारिणी में अंबिका, ईशा, भूमिका, श्रेया, आदित्य नेगी और सुमन कुमार को शामिल किया गया। चयन में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि के साथ सांस्कृतिक, क्रीड़ा और अन्य महाविद्यालयीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी को आधार बनाया गया।
शपथ के दौरान छात्र संघ पदाधिकारियों ने छात्रहित, अनुशासन, शैक्षणिक वातावरण और महाविद्यालय के विकास के लिए जिम्मेदारी से कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

