अज्ञात लिंक पर क्लिक करना पड़ा महंगा, साइबर सेल की तत्परता से वापस मिले 20 हजार

WhatsApp Channel Join Now
अज्ञात लिंक पर क्लिक करना पड़ा महंगा, साइबर सेल की तत्परता से वापस मिले 20 हजार


हरिद्वार, 12 जून (हि.स.)। ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच साइबर क्राइम सेल हरिद्वार ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी के चपेट में आए व्यक्ति को उसकी खोई हुई धनराशि वापस दिलाई है।

जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को मुहम्मद शाकिब वसीम सिद्दीकी पुत्र वसीम सिद्दीकी के मोबाइल फोन पर एक संदिग्ध लिंक प्राप्त हुआ। अज्ञात लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 20 हजार की राशि किसी अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर ली।

घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम सेल हरिद्वार से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद साइबर सेल की टीम ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की और संबंधित बैंकिंग चौनलों के माध्यम से धोखाधड़ी से ट्रांसफर की गई राशि को होल्ड करवाने में सफलता हासिल की।

साइबर सेल के लगातार तकनीकी प्रयासों और विभिन्न एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप पीड़ित को उसके पूरे 20 हजार वापस दिला दिए गए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम सेल हरिद्वार की कार्यप्रणाली और तत्परता की सराहना की।

साइबर क्राइम सेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा अपनी बैंकिंग, ओटीपी, पासवर्ड एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या साइबर पोर्टल पर रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान से बचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story