मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों को सहयोग करने का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों को सहयोग करने का लिया संकल्प


पौड़ी गढ़वाल, 10 सितंबर (हि.स.)। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों की समस्याओं को समझने, उन्हें समय पर सहयोग देने और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का संकल्प लिया।

निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. वीरेंद्र कुमार पुनेड़ा ने अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। तनाव, निराशा या भावनात्मक परेशानी के संकेत दिखने पर संबंधित व्यक्ति की बात संवेदनशीलता से सुनना और समय पर सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। आत्महत्या की रोकथाम के लिए परिवार, समुदाय और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर प्रयास करने होंगे।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए जिले की सभी चिकित्सा इकाइयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि मानसिक परेशानी या सहायता की जरूरत होने पर टेली-मानस के टोल फ्री नंबर 14416 पर संपर्क किया जा सकता है। यहां विशेषज्ञों की ओर से निशुल्क काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story