संतुलित आहार अपनाना स्वस्थ जीवन की पहली पहल: डॉ. शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
संतुलित आहार अपनाना स्वस्थ जीवन की पहली पहल: डॉ. शर्मा


हरिद्वार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। एसएमजेएन पीजी कॉलेज में एनएसएस इकाई की ओर से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गुरुवार को ‘पौष्टिक आहार’ विषय पर स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने आकर्षक स्लोगनों के जरिए संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि आयुर्वेद रत्न डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि भोजन केवल ऊर्जा का माध्यम नहीं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य को प्रभावित करता है।

फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक आहार को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। स्वस्थ जीवन के लिए छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव और समय पर सोना-जागना जरूरी है।

प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि बदलती जीवनशैली में विद्यार्थियों को खान-पान की गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए और समाज को भी जागरूक करना चाहिए।

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने कहा, “कुपोषण जड़ से मिटाना है, सुपोषण की लहर चलाना है।” कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदमावती तनेजा ने कहा, “जैसा अन्न, वैसा मन।” खान-पान का असर शारीरिक के साथ मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।

प्रतियोगिता में अलीशा प्रथम, साधना और दिव्या नौटियाल संयुक्त द्वितीय तथा मयूरी तृतीय स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडल में डॉ. पल्लवी, डॉ. मीनाक्षी और डॉ. रेनू सिंह रहीं। मूल्यांकन विषयवस्तु, रचनात्मकता और प्रभावशीलता के आधार पर किया गया।

कार्यक्रम में प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. गौरव अग्रवाल, डॉ. पुनीता शर्मा सहित कई प्राध्यापक और छात्र मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story