जगजीतपुर में नूतन विश्रांति भवन का शिलान्यास
हरिद्वार, 13 सितंबर (हि.स.)। श्री स्वामिनारायण मंदिर भुज कच्छ गुजरात के संयोजन में जगजीतपुर में बन रहे नूतन विश्रांति भवन का शिलान्यास शनिवार को संतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में हुआ।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में महंत पुराणी स्वामी धर्मनंदन दास, आचार्य कौशलेंद्र प्रसाद, उपमहंत स्वामी भगवद जीवन दास, कोठारी पार्षद जादवजी भगत और स्वामी देवप्रकाश
दास ने संतों का स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि देश और धर्म को आगे बढ़ाने में गुजरात प्रांत का अग्रणी योगदान रहा है। महंत पुराणी स्वामी धर्मनंदन दास के नेतृत्व में बनने वाला यह विश्रांति भवन उत्तराखंड में सनातन धर्म और अध्यात्म को नई ऊंचाई देगा।
आह्वान पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज ने कहा कि कुंभ की पूर्व संध्या पर विशाल धर्म भवन के शिलान्यास में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति कुंभ का आभास करा रही है। महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि स्वामिनारायण भगवान विष्णु के अवतार हैं, श्रद्धालु बद्रीनारायण, सत्यनारायण, लक्ष्मीनारायण आदि रूपों में उनकी ही आराधना करते हैं।
महंत पुराणी स्वामी धर्मनंदन दास महाराज ने कहा कि यह भवन धर्म-अध्यात्म की धारा प्रवाहित करने के साथ सेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा।
संचालन स्वामी रविदेव शास्त्री ने किया।
इस अवसर पर मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती, स्वामी हरिवल्लभदास शास्त्री, महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती, ललितानंद गिरी, मोहनानंद, महंत दर्शन भारती, स्वामी दिनेश दास, स्वामी ज्योतिर्यानंद, कथाव्यास स्वामी आनंद महाराज सहित अनेक संत-महंत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

