नर्सिंग भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप, एकता मंच ने की स्वतंत्र जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
नर्सिंग भर्ती परीक्षा में धांधली का आरोप, एकता मंच ने की स्वतंत्र जांच की मांग


देहरादून, 20 अगस्त (हि.स.)। नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर नर्सिंग एकता मंच ने गंभीर सवाल उठाते हुए 25 जुलाई को आयोजित लिखित परीक्षा की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। मंच ने कहा कि जांच पूरी होने तक भर्ती का परिणाम घोषित करने और नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर रोक लगाई जाए।

गुरुवार को प्रेस क्लब में नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर, बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल संयुक्त रुप से पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। सरकार और विभागीय अधिकारियों की ओर से उनकी मांगों पर विचार करने तथा वर्षवार भर्ती के संबंध में आश्वासन भी दिया गया था।

मंच के अनुसार,संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजा गया था और शासन स्तर से उस पर जवाब मांगा गया था। मंच ने सवाल उठाया कि जब शासन का जवाब लंबित था और अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी था, तो 25 जुलाई को लिखित परीक्षा आयोजित कर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जल्दबाजी क्यों की गई।

मंच ने दावा किया कि 25 जुलाई की परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के समक्ष कथित संदिग्ध लेन-देन और ट्रांजेक्शन से संबंधित दस्तावेज एवं साक्ष्य उपलब्ध हैं। हालांकि, मंच ने स्पष्ट किया कि वह बिना जांच किसी व्यक्ति को दोषी नहीं ठहरा रहा है और इन साक्ष्यों की सत्यता का निर्धारण स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के माध्यम से किए जाने की मांग कर रहा है।

मंच ने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उसने सरकार से पूरी भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने और जांच पूरी होने तक भर्ती के परिणाम तथा नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की।

मंच ने यह भी कहा कि यदि जांच में अनियमितता प्रमाणित होती है तो पूरी भर्ती प्रक्रिया निरस्त की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इस दौरान कहा कि एकता विहार में नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन आज 269 वें दिन भी जारी है।

प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता नितिन, राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, उपेंद्र, मुकेश रमोला और जतिन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story