केयर कॉलेज प्रबंधन से मिले छात्र व अभिभावक, बोले, बाहरी तत्वों ने किया गुमराह
हरिद्वार, 14 मई (हि.स.)। हरिद्वार के प्रतिष्ठित केयर कॉलेज बहादराबाद में जीएनएम प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं व उनके अभिभावकों ने गुरुवार को कॉलेज प्रबंधन के साथ बैठक कर अपनी सभी शंकाओं का समाधान किया। बैठक के बाद विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें कुछ बाहरी तत्वों द्वारा गुमराह किया गया था तथा कुछ लोगों ने उन्हें आंदोलन में शामिल होने के लिए उकसाया था।
गौरतलब है कि बीते दिनों कॉलेज की आईएनसी( इंडियन नर्सिंग काउंसिल) संबद्धता को लेकर छात्र-छात्राओं ने धरना-प्रदर्शन किया था और कुछ छात्र जिलाधिकारी के जनता दरबार भी पहुंचे थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार सचिन कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कॉलेज प्रबंधन व छात्र छात्राओं के साथ वार्ता की। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुँवर ने मेडिकल शिक्षा नीति, आईएनसी गाइडलाइन और स्टेट नर्सिंग काउंसिल से प्राप्त जानकारी के आधार पर स्पष्ट किया कि जीएनएम डिप्लोमा कोर्स के लिए आईएनसी की अनिवार्यता आवश्यक नहीं है।
अधिकारियों द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद छात्र छात्राओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। गुरुवार को कॉलेज डायरेक्टर डॉ. प्रीतशिखा शर्मा ने अभिभावकों की सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया, जिसके बाद सभी अभिभावकों ने संतोष व्यक्त किया। वहीं कॉलेज प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

