गवाणा के ग्रामीण बोले 2027 से पहले यदि रोड नहीं तो वाेट नहीं
नई टिहरी, 04 नवंबर (हि.स.)। आजादी के आठ दशक बाद भी कीर्तिनगर ब्लॉक का गवाणा गांव सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है। आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन कर सड़क स्वीकृत न करने पर 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार के चेतावनी दी है।
बुधवार को गवाणा और आसपास के ग्रामीणों ने यहां ढूंढप्रयाग चौराहे से एसडीएम कार्यालय कीर्तिनगर तक जुलूस निकालकर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप है कि वन विभाग की अड़चनों के चलते गवाणा तक सड़क का निर्माण वर्षों से अधर में लटका हुआ है।
विभागीय पेचदगियों का खामियाजा गांव के आम जन को भुगतना पड़ रहा है। संघर्ष समिति के अध्यक्ष केदार सिंह नेगी सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि सड़क आज की बुनियादी जरूरत है। बगैर सड़क के गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट राजनीतिक संदेश दे दिया है, कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे। कहा कि रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा देकर ग्रामीण अब मानने वाले नहीं है।
उन्होंने मामले में एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर अरुण नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप गोदियाल, गौरव राणा, ग्राम प्रधान सुरेश चौहान आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

