धर्म, संस्कृति की रक्षा में अखाड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका: नितिन दास

WhatsApp Channel Join Now
धर्म, संस्कृति की रक्षा में अखाड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका: नितिन दास


हरिद्वार, 12 सितंबर (हि.स.)। पूर्व भाजपा पार्षद पं. नितिन माना के संत परंपरा में प्रवेश कर नितिन दास महाराज के रूप में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के कोठारी महंत का दायित्व ग्रहण कर लिया है। नई जिम्मेदारी संभालने पर भाजपा नेताओं, पार्षदों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कनखल स्थित अखाड़े में पहुंचकर उनका स्वागत किया।

वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि नितिन दास का जीवन समाजसेवा और धार्मिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। युवा संत के रूप में वे कोठारी की जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।

कोठारी महंत नितिन दास महाराज ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी सम्मान के साथ सेवा का अवसर भी है। वे अखाड़े की परंपराओं, संतों के मार्गदर्शन और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए निष्ठा से कार्य करेंगे। सेवा, संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

पार्षद सुनील अग्रवाल गुड्डू, भूपेंद्र कुमार, प्रशांत सैनी, मुकुल पाराशर, सचिन अग्रवाल ने कहा कि नितिन दास ने सामाजिक और धार्मिक दोनों क्षेत्रों में सेवा की मिसाल कायम की है। भाजपा जिला मंत्री विनित जौली ने कहा कि उनके मनोनयन से अखाड़े को नई ऊर्जा मिलेगी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि इससे संत समाज और सामाजिक क्षेत्र के बीच समन्वय मजबूत होगा।

स्वागत समारोह में गोपी सैनी, रूपेश शर्मा, राघव ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story