नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक में उत्तराखंड पर्वतीय राज्यों में अव्वल, ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में हुआ शामिल

WhatsApp Channel Join Now

देहरादून, 17 जुलाई (हि.स.)। नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में उत्तराखंड ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 47.5 अंकों के साथ 11 वां स्थान हासिल कर राज्य ने ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में जगह बनाई है।

सूचकांक में राज्यों का मूल्यांकन व्यावसायिक वातावरण, आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और वित्तीय स्वास्थ्य जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया। उत्तराखंड ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में समग्र निवेश अनुकूलता और वित्तीय स्वास्थ्य में पहला, व्यावसायिक वातावरण तथा संसाधनों की उपलब्धता में दूसरा और आधारभूत संरचना में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह राज्य सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों, पारदर्शी शासन व्यवस्था, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और बेहतर औद्योगिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ उत्तराखंड को देश का अग्रणी निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल विकसित करने, आधारभूत संरचना को और मजबूत बनाने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि नीति आयोग की यह रैंकिंग राज्य में निवेश, औद्योगिक विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति को नई गति देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story