शिवगढ़ रामलीला में हुड़दंग मचाने पर नौ युवक गिरफ्तार
हरिद्वार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ में आयोजित रामलीला के दौरान हुड़दंग मचाना नौ युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे सभी नौ युवकों को हिरासत में लेते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को थाना पथरी पुलिस को सूचना मिली कि शिवगढ़ में आयोजित रामलीला के दौरान कुछ युवक हंगामा कर रहे हैं और शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां मौजूद युवकों को पुलिसकर्मियों और रामलीला में उपस्थित लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और लगातार हुड़दंग करते रहे।
मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने नौ युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, सभी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों में मुकुल (22), जतिन चौहान (19), अमरीश (26), विशाल (20), शुभम (19), आकाश (20), मनीष कुमार (21) और विनीत कुमार (19) निवासी ग्राम धारीवाला, थाना पथरी शामिल हैं। इनके अलावा अभिषेक (23) निवासी ग्राम शिवगढ़, थाना पथरी को भी हिरासत में लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

