नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन ने आईआईटी रुड़की में जेंडर समानता उपायों की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन ने आईआईटी रुड़की में जेंडर समानता उपायों की समीक्षा की


हरिद्वार, 02 मार्च (हि.स.)।नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (एनएचआरसी) के विशेष मॉनिटर प्रो. कन्हैया त्रिपाठी ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की का दौरा कर परिसर में मानवाधिकार एवं जेंडर समानता से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

एनएचआरसी के उद्देश्यों, अधिकार-क्षेत्र और कार्यप्रणाली पर विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई। आईआईटी निदेशक के.के.पंत ने कहा कि विविधता, समावेशन और समान अवसर आज की आवश्यकता हैं तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में मानवाधिकारों की समझ अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने एनएचआरसी के साथ नीतिगत ढांचे, दिशा-निर्देश और शोध-आधारित सुझावों पर सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने बताया कि संस्थान में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी और गणित में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष योजनाएं संचालित हैं। मानवाधिकार पर संरचित शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू करने का सुझाव सैद्धांतिक रूप से स्वीकार किया गया।

प्रो. त्रिपाठी ने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराने की संभावना भी जताई। देहरादून प्रस्थान से पूर्व उन्होंने एक छात्रावास का दौरा कर स्वच्छता एवं भोजन गुणवत्ता की भी जांच की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story