छात्रसंघ चुनाव जीतने वाले पदाधिकारियों का सम्मान, आयुष बोले, अब जिम्मेदारी निभाने का समय

WhatsApp Channel Join Now
छात्रसंघ चुनाव जीतने वाले पदाधिकारियों का सम्मान, आयुष बोले, अब जिम्मेदारी निभाने का समय


पौड़ी गढ़वाल, 18 सितंबर (हि.स.)। नगर पालिका के डमरू हाल में कांग्रेस की ओर से आयोजित छात्रसंघ सम्मान समारोह में बीजीआर परिसर पौड़ी के छात्रसंघ चुनाव में विजयी सभी पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह में छात्रसंघ अध्यक्ष आयुष थपलियाल समेत सचिव ऋषभ कुमार, उपाध्यक्ष रविंद्र नेगी, कोषाध्यक्ष अमीषा नेगी, सहसचिव सोनम, कार्यकारिणी सदस्य सोनी तथा छात्रा प्रतिनिधि दुर्गा खंक्रियाल और मानसी डंगवाल का सम्मान किया गया।

छात्रसंघ अध्यक्ष आयुष थपलियाल ने उन्हें प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने के लिए परिसर के सभी छात्र-छात्राओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन विद्यार्थियों की है, जिन्होंने विश्वास और समर्थन देकर छात्रसंघ को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान छात्रों ने जिस विश्वास के साथ उनका साथ दिया, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम किया जाएगा।

आयुष ने कहा कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाना, परिसर में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए प्रयास करना और विद्यार्थियों के हित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना छात्रसंघ की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा, चुनाव समाप्त हो चुका है, अब जिम्मेदारी शुरू हुई है। हमारा प्रयास रहेगा कि परिसर के प्रत्येक छात्र की आवाज छात्रसंघ तक पहुंचे और छात्रहित के हर मुद्दे पर मजबूती से काम किया जाए।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल में सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस मौके पर पूर्व जिलाधिकारी सुंदर लाल मुयाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक मोहित सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजेश भंडारी, प्रदेश सचिव एनएसयूआई मुकुल कुमार, ऑस्कर रावत, गौरव सागर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story