शिक्षक संघ ने नई समय सारणी का किया विरोध

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 10 अप्रैल (हि.स.)।

उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद पौड़ी गढ़वाल ने प्रदेश के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में लागू नई समय सारणी को छात्र और अभिभावकों के हितों के विपरीत बताते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में संघ पदाधिकारियों ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर पुराने समय सारणी को यथावत रखने की अपील की है।

संघ का कहना है कि प्रदेश की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को नजरअंदाज कर बनाई गई यह समय सारणी व्यवहारिक नहीं है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि प्राथमिक कक्षाओं के छोटे बच्चों को लंबे समय तक कक्षा में बैठाना न केवल कठिन है बल्कि इससे उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है। उन्होंने इसे बाल अधिकारों के उल्लंघन से भी जोड़ा।

जिलाध्यक्ष मनोज जुगरान, जिला कोषाध्यक्ष विपुल भंडारी और जिलामंत्री मनीष सिंह राणा ने शासन से मांग की है कि छात्रों और अभिभावकों के हित को ध्यान में रखते हुए पूर्व में संचालित समय सारणी को ही जारी रखा जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story