उत्तराखंड में आठ नए सहकारी संघ गठित होंगे: धन सिंह रावत

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में आठ नए सहकारी संघ गठित होंगे: धन सिंह रावत


देहरादून, 06 जुलाई (हि.स.)। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को कहा कि राज्य में सहकारिता के विस्तार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आठ नए सहकारी संघ गठित किए जाएंगे। साथ ही जिला स्तर के बाद अब विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भी सहकारिता मेलों का आयोजन किया जाएगा।

केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित 'सहकार मंथन' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश में सहकारिता से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए लखपति दीदी फेडरेशन, महिला स्वयं सहायता समूह फेडरेशन, वन पंचायत फेडरेशन, स्वास्थ्य फेडरेशन, प्लंबर एवं जल कार्यकर्ता फेडरेशन, भारत टैक्सी फेडरेशन, एविएशन फेडरेशन तथा यूथ फेडरेशन का गठन किया जाएगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह फेडरेशन के माध्यम से राज्य के 21 हजार स्वयं सहायता समूहों को अधिक संगठित और आत्मनिर्भर बनाया जाएगा, जबकि लखपति दीदी फेडरेशन महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त करेगा। वन पंचायत फेडरेशन वन आधारित आजीविका और नर्सरी विकास को बढ़ावा देगा। प्लंबर फेडरेशन कुशल कारीगरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा, जबकि भारत टैक्सी फेडरेशन के माध्यम से करीब 47 हजार वाहन चालकों को आधुनिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। यूथ फेडरेशन का लक्ष्य एक वर्ष में एक लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर आयोजित सहकारिता मेलों को मिली सफलता के बाद अब प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसे मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिससे किसानों, काश्तकारों, कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन का बेहतर अवसर मिल सके।

कार्यक्रम में घनसाली के विधायक शक्तिलाल शाह ने सहकारिता क्षेत्र में हुए नवाचारों की सराहना की। वहीं, उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष मातवर सिंह रावत, जिला सहकारी बैंक टिहरी के पूर्व अध्यक्ष सुभाष रमोला तथा निबंधक सहकारिता डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर नाबार्ड द्वारा चयनित 13 उत्कृष्ट बहुउद्देशीय सहकारी समितियों और दो जिला सहकारी बैंकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहकारी समिति और किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड आवास एवं निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड की विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इसके अलावा तीन महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच-पांच लाख रुपये के ब्याजमुक्त ऋण के चेक तथा दो सहकारी समितियों को माइक्रो एटीएम भी वितरित किए गए।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story