नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आया गायत्री परिवार, शांतिकुंज से राहत सामग्री रवाना
हरिद्वार, 27 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा और विनाशकारी बाढ़ के बीच अखिल विश्व गायत्री परिवार ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए राहत अभियान शुरू किया है। शांतिकुंज के करीब 50 नेपाली कार्यकर्ताओं और स्थानीय गायत्री परिजनों का सेवाभावी दल प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना हो रहा है।
गायत्री परिवार प्रमुख शैल जीजी एवं उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या के मार्गदर्शन में शांतिकुंज, हरिद्वार से राहत सामग्री नेपाल भेजी जा रही है।दल जरूरतमंद परिवारों तक तिरपाल, राशन, आवश्यक दवाइयां और दैनिक उपयोग की अन्य जरूरी सामग्री पहुंचाएगा।
गायत्री परिवार ने कहा कि इस सेवा अभियान की प्रेरणा पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा की करुणा, सेवा एवं लोकमंगल की भावना से मिली है।
आचार्य श्रीराम शर्मा ने मानव कल्याण और पीड़ितों की सेवा को अध्यात्म की सार्थकता से जोड़ा, जबकि वंदनीया माताजी ने दूसरों के दुख को अपना समझकर सेवा करने की प्रेरणा दी।
गायत्री परिवार के अनुसार नेपाल में राहत सामग्री भेजना केवल सहायता पहुंचाने का प्रयास नहीं, बल्कि आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति आत्मीयता, अपनत्व और संवेदना की अभिव्यक्ति है।
शैल जीजी एवं डॉ. चिन्मय पंड्या ने आपदा में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रार्थना की कि गुरुदेव एवं माताजी की प्रेरणा से यह सेवा अभियान अधिक से अधिक पीड़ित परिवारों तक राहत और आशा पहुंचाने में सफल हो और प्रभावित लोगों को इस कठिन समय का सामना करने की शक्ति मिले।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

