नीट यूजी 2026 परीक्षा की तैयारियां पूरी, केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
हरिद्वार, 20 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी)-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर हरिद्वार पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुद्देशीय हॉल में एसपी क्राइम व परीक्षा की नोडल अधिकारी निशा यादव की अध्यक्षता में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग आयोजित की गई। ब्रीफिंग में पुलिस कर्मियों को परीक्षा केंद्रों पर सतर्कता बरतने, अभ्यर्थियों की सघन जांच करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी अवांछित तत्व की मौजूदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद हरिद्वार में इस परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 8 केंद्र ग्रामीण क्षेत्र तथा 4 केंद्र नगर क्षेत्र में स्थित हैं। परीक्षा क्षेत्र को 5 जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सभी जोन और सेक्टरों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिस अधिकारियों ने जवानों को निर्देशित किया कि वे मेटल डिटेक्टर सहित सभी आवश्यक उपकरण समय पर प्राप्त कर निर्धारित समय से पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें, ताकि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा सके।
इसके अलावा संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

