कांग्रेस ने नीट पेपरलीक मामले में भाजपा को घेरा, जेपीसी जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने नीट पेपरलीक मामले में भाजपा को घेरा, जेपीसी जांच की मांग


देहरादून, 14 मई (हि. स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने नीट परीक्षा और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एनटीए को 'एनजीओ' बताते हुए आरोप लगाया कि यह संस्था भाजपा के प्रभाव में काम कर रही है। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले में जेपीसी जांच की मांग की है।

गुरुवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आलोक शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में नीट परीक्षा और एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक 89 पेपरलीक हुए हैं और कई परीक्षाएं दोबारा करानी पड़ी हैं। उन्होंने नीट परीक्षा विवाद की तुलना मध्यप्रदेश के व्यापम से की। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में बनी एनटीए की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठते रहे हैं और पेपर लीक मामलों में पकड़े गए लोगों के भाजपा से संबंध सामने आए हैं। शर्मा ने कहा कि सरकार ने परीक्षा के चार दिन बाद पेपर लीक की बात स्वीकार की, जबकि 2024 में पेपर जांच को दबाने का प्रयास किया गया। बाद में जल्दबाजी में मामला सीबीआई को सौंपा गया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने तत्कालीन एनटीए अध्यक्ष प्रदीप कुमार जोशी और मनोज कुमार सोनी का उल्लेख करते हुए कहा कि नकल माफिया के तार भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर चार्जशीट तक दाखिल नहीं की गई। शर्मा ने कहा कि एनटीए की साख पूरी तरह खराब हो चुकी है और इसकी फॉरेंसिक वित्तीय ऑडिट कराई जानी चाहिए। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से भी मामले की जांच की मांग की। उन्होंने राहुल गांधी के पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बड़े पदों पर अपने करीबी लोगों की नियुक्ति कर रही है। कांग्रेस ने एनटीए पर प्रतिबंध लगाने, परीक्षाओं का आयोजन सरकारी संस्थाओं से कराने तथा मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की मांग की है।

कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई। शर्मा ने आरोप लगाया कि शिक्षा माफिया को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उत्तराखंड में लोकायुक्त गठन से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि न्यायालय भी समझ रहा है कि सरकार निर्देशों का पालन नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ प्रतीमा सिंह, शीशपाल गुंसाई उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story