राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतिभाएं सम्मानित, मेजर ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि
हरिद्वार, 30 अगस्त (हि.स.)। डिस्ट्रिक्ट वुशु एसोसिएशन, डायनेमिक स्पोर्ट्स एकेडमी मिस्सरपुर और जन अधिकार अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह संपन्न हो गया। समारोह में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे खेलो इंडिया अभियान से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिला है और उनकी प्रतिभा को निखरने के अवसर मिले हैं। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद हरिद्वार सहित प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया की तरह खेल के प्रति समर्पित रहने और स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों से आत्मविश्वास बढ़ने के साथ मानसिक विकास और स्वास्थ्य भी बेहतर होता है।
डिस्ट्रिक्ट वुशु एसोसिएशन की सचिव एवं राष्ट्रीय कोच आरती सैनी ने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लगन जरूरी है।
पूर्व क्रिकेट कोच प्रकाश जोशी ने कहा कि हरिद्वार में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित स्टेडियम में बच्चों के लिए प्रवेश निशुल्क किया जाए तो उन्हें बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल सकेगा।
डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए अर्जुन की तरह लक्ष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित करना जरूरी है।
समारोह में राष्ट्रीय क्रिकेट कोच प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय एथलीट्स कोच भारत भूषण, स्टेट कबड्डी कोच धर्मेन्द्र चौहान, बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज खन्ना, योगा कोच ईशा सैनी, वुशु कोच लव कुश और शिवांश, वुशु खिलाड़ी वंशिका एवं वर्षा, एथलीट अंतिमा, वॉलीबॉल खिलाड़ी हिमांशु थपलियाल तथा क्रिकेट खिलाड़ी दिव्यांश और कृष्णा को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, गगन वीर सिंह, लक्ष्मीकांत सैनी, लालचंद सैनी, संजीव चौहान, डॉ. राधिका नागरथ, सुनील दत्त पांडेय, सुशील कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

