भगवा ध्वज त्याग, समर्पण और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है: प्रियंका

WhatsApp Channel Join Now
भगवा ध्वज त्याग, समर्पण और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है: प्रियंका


हरिद्वार, 21 मार्च (हि.स.)। सरस्वती विद्या मंदिर, बीएचईएल सेक्टर-2 में आयोजित राष्ट्र सेविका समिति की सरस्वती शाखा के ध्वज प्रदान कार्यक्रम में सह नगर कार्यवाहिका डॉ. प्रियंका ने भगवा ध्वज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह त्याग, समर्पण और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है।

शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य शिक्षिका रश्मि एवं ध्वज अग्रेसरिका नीलम को विधिवत भगवा ध्वज प्रदान किया गया। डॉ. प्रियंका ने कहा कि ध्वज वंदन और राष्ट्र की आराधना के माध्यम से शाखाएं महिलाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने महिलाओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही अंजलि ने राष्ट्र निर्माण में राष्ट्र सेविका समिति की भूमिका को रेखांकित करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नगर शारीरिक प्रमुख नीलम, नगर बौद्धिक प्रमुख तनुजा सहित अन्य सेविका बहनों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में विभाग कार्यवाह लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने कहा कि यह पहल वंदनीय लक्ष्मीबाई केलकर के मार्गदर्शन में संचालित शाखाओं के विस्तार की दिशा में एक और कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में इस प्रकार की शाखाओं का विस्तार होता रहेगा और महिलाएं राष्ट्र सेवा एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story