नार्को टेस्ट के लिए गुजरात रवाना हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर, 24 नवंबर को होगा टेस्ट

WhatsApp Channel Join Now
नार्को टेस्ट के लिए गुजरात रवाना हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर, 24 नवंबर को होगा टेस्ट


हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर नार्को टेस्ट कराने के लिए गुजरात के गांधीनगर रवाना हो गए हैं। उनका नार्को टेस्ट 24 नवंबर को निर्धारित है। राठौर ने सीबीआई जांच में पूरा सहयोग करने की बात कहते हुए कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए वह जांच एजेंसी के साथ हर स्तर पर सहयोग करेंगे।

सोमवार को गांधीनगर रवाना होने से पहले सुरेश राठौर ने बयान जारी कर बताया कि उन्हें सीबीआई का नोटिस प्राप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई की ओर से की जा रही जांच को लेकर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। वह जांच प्रक्रिया में अपना पक्ष रखने और एजेंसी को आवश्यक जानकारी देने के लिए तैयार हैं।

राठौर ने कहा कि वह नार्को टेस्ट के लिए गांधीनगर जा रहे हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत 24 नवंबर को उनका टेस्ट होगा। उल्लेखनीय है कि अंकिता भंडारी प्रकरण में उठे सवालों के बीच उत्तराखंड सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद सीबीआई ने मामले की जांच शुरू करते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ की है।

इससे पहले सीबीआई की टीम हरिद्वार पहुंचकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ कर चुकी है। वहीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर से भी जांच एजेंसी ने जानकारी जुटाई थी। जेल से बाहर आने के बाद उर्मिला सनावर ने देहरादून में सीबीआई के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे। अब दोनों के नार्को टेस्ट को लेकर जांच आगे बढ़ रही है।

दरअसल, अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े कुछ ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनमें सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के बीच बातचीत होने का दावा किया गया था। ऑडियो में कथित तौर पर मामले से जुड़ी कुछ बातें सामने आने के बाद प्रदेश से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। इस प्रकरण को लेकर उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे।

अब 24 नवंबर को गांधीनगर में होने वाले नार्को टेस्ट और सीबीआई की आगे की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं। हालांकि, जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले से जुड़े दावों और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781725 Articles

Share this story