नंदगांव के पास सड़क से नीचे उतरा असम के यात्रियों का टेंपो ट्रेवल
नई टिहरी, 06 अगस्त (हि.स.)। गंगोत्री से केदारनाथ की यात्रा पर जा रहे असम के यात्रियों का टेंपो ट्रेवल वाहन टिपरी से करीब 12 किलोमीटर आगे नंदगांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे दूसरी कच्ची सड़क में जा घुसा। हादसे के दौरान यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, गनीमत रही कि वाहन सड़क किनारे रुक गया और उसमें सवार सभी 12 यात्री सुरक्षित बच गए।
थाना पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच यात्रियों को लेकर वाहन केदारनाथ की ओर जा रहा था। नंदगांव के पास चालक मोड़ नहीं काट पाया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर नीचे वाली कच्ची सड़क पर जा पहुंचा। इस दौरान एक बाइक भी वाहन की चपेट में आ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हरिद्वार स्थित ट्रेवल एजेंसी को घटना की जानकारी दी। शाम को एजेंसी की ओर से दूसरा वाहन भेजा गया, जिसके बाद सभी यात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। पुलिस ने बताया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां थोड़ी सी चूक बड़ा हादसा कर सकती थी। वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

