सड़क सुरक्षा अभियान में 251 वाहनों के चालान, 10 सीज

WhatsApp Channel Join Now
सड़क सुरक्षा अभियान में 251 वाहनों के चालान, 10 सीज


नैनीताल, 18 नवंबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नैनीताल पुलिस का विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान जारी है। 16 नवंबर से सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपदभर में एक सप्ताह का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान अब तक 251 वाहनों के चालान, 10 वाहनों को सीज करने और सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त 33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सामान्य वाहनों के साथ ही स्कूली बच्चों के परिवहन में लगी स्कूल बसों, स्कूल वैन, कैब और यात्री बसों की जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान वाहनों के पंजीकरण एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, चालकों के लाइसेंस और निर्धारित यात्री क्षमता की जांच की जा रही है।

इसके अलावा आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता भी परखी जा रही है।

बुधवार को अभियान के तहत पुलिस ने अभियान के दौरान 20 स्कूल बसों की जांच की गयी, जिनमें अनियमितताएं मिलने पर चार बसों के चालान किये गये। इसके अतिरिक्त आरोपित वाहन चालकों एवं संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्हें वाहनों के आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिये जा रहे हैं।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को अभियान गंभीरता से संचालित करने तथा स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करने पर जोर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story