नैनीताल में कल 1.21 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में कल 1.21 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक


नैनीताल में कल 1.21 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक


नैनीताल, 21 नवंबर (हि.स.)।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को भीमताल स्थित विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने जनपद के सभी सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिये।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक जांच और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। जिलाधिकारी ने गर्भावस्था के दौरान प्रसव पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान और जरूरत पड़ने पर त्वरित रेफरल व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि उपचार के अभाव में किसी गर्भवती महिला की मृत्यु होने की स्थिति को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाये जायें। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में 22 नवंबर को राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक के 1,21,242 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के लिए जनपद में 626 बूथ बनाये गये हैं। इनमें 448 सामान्य, 152 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों और 26 ट्रांजिट बूथ शामिल हैं।

बूथों पर 1,252 कार्मिक तैनात रहेंगे। इनमें स्वास्थ्य विभाग के 170, आईसीडीएस के 392, आशा कार्यकर्ता 600, वन निगम के 26 और अन्य विभागों के 64 कार्मिक शामिल हैं। बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर छूटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 825 टीमें गठित की गई हैं। इनमें 782 सामान्य और 43 ट्रांजिट टीमें शामिल हैं। इन टीमों में कुल 1,650 कार्मिक तैनात रहेंगे। अभियान की निगरानी के लिए 140 बूथ सुपरवाइजर और 166 घर-घर अभियान के सुपरवाइजर नियुक्त किये गये हैं। डॉ. पंत ने बताया कि अभियान के लिए 7,620 पोलियो वैक्सीन वायल उपलब्ध कराई गई हैं।

वैक्सीन की गुणवत्ता बनाये रखने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इसके तहत जनपद में 40 कोल्ड चेन यूनिट, 47 आइस लाइन रेफ्रिजरेटर, 54 डीप फ्रीजर, 2,030 वैक्सीन कैरियर और 10,338 आइस पैक उपलब्ध हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे 22 नवंबर को अपने शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर खुराक अवश्य पिलायें। बूथ पर नहीं पहुंच पाने वाले बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाने में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780857 Articles

Share this story