नैनीताल में रंगोली के जरिए दिया स्वच्छता, डिजिटल भारत और आत्मनिर्भरता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में रंगोली के जरिए दिया स्वच्छता, डिजिटल भारत और आत्मनिर्भरता का संदेश


नैनीताल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नैनीताल नगर मंडल की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को डॉ. दीनदयाल पार्क में रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला मोर्चा अध्यक्ष अमिता साह के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने रंगोलियों के माध्यम से देश के विकास, स्वच्छता, डिजिटल भारत व आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।

महिला कार्यकर्ताओं ने रंगवाली पिछौड़ा और पीली साड़ियों सहित पारंपरिक वेशभूषा धारण कर रंगोली के चारों ओर सांस्कृतिक नृत्य भी प्रस्तुत किया। रंगोलियों में यूपीआई, मेक इन इंडिया और स्वच्छ भारत सहित विभिन्न विषयों को शामिल किया गया।

इनके माध्यम से डिजिटल सशक्तीकरण, स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन और विकसित भारत की परिकल्पना प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।

भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने कहा कि संकल्प सिद्धि कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ता विकास और जनकल्याण से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने विपक्ष की राजनीति पर भी टिप्पणी की। कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिला कार्यकर्ताओं की रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story