नैनीझील में मिले शव की हुई पहचान, मल्लीताल निवासी रमेश कुमार निकले मृतक

WhatsApp Channel Join Now
नैनीझील में मिले शव की हुई पहचान, मल्लीताल निवासी रमेश कुमार निकले मृतक


नैनीताल, 20 नवंबर (हि.स.)। नैनीझील में तल्लीताल क्षेत्र में ठंडी सड़क के समीप बुधवार दोपहर मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान हो गयी है। पहचान नगर के मल्लीताल चार्टन लॉज 47 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र गिरि कुमार के रूप में हुई है। उसके परिवार में पत्नी व एक पुत्र दीपक व दो पुत्रियां रोशनी व पूजा हैं। उसकी मौत से परिवार के साथ क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। पुलिस शव को पंचायतनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिये भेजने की प्रक्रिया कर रही है।

उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार 18 नवंबर की सुबह डीसीबी कॉलेज प्रबंधन ने तल्लीताल पुलिस को सूचना दी थी कि परीक्षा में देरी से पहुंची एक छात्रा झील में कूदने की धमकी देकर चली गई है। सूचना पर पुलिस टीम ठंडी सड़क क्षेत्र में छात्रा की तलाश कर रही थी। इसी दौरान लगभग एक बजे पाषाण देवी मंदिर के समीप पुलिस को पाषाण देवी मंदिर के पास झील में एक शव उतराता दिखाई दिया। पुलिस ने नौका चालकों की मदद से शव को झील से बाहर निकालकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किये और खिनाख्त न हो पाने पर शव मोर्चरी में रखवा दिया था। पुलिस के अनेक प्रयासों के बाद अगले दिन गुरुवार शाम उसकी शिनाख्त हो पायी। परिवार के अनुसार मृतक नगर के होटलों में अस्थायी कार्य करता था, और कई बार होटलों में ही रुक जाता था। इधर वह मंगलवार से घर से गायब था। पड़ोस में एक शादी भी थी। इसलिये परिवार को उसके गायब होने का जल्दी संदेह नहीं हुआ। उसके पास मोबाइल भी नहीं था, इसलिये उसकी तलाश या पहचान भी नहीं हो पायी। बताया जा रहा है कि मृतक को घटना के दिन झील किनारे लेटे हुए देखा गया था।

तल्लीताल थाने के उप निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस उसकी शिनाख्त के लिये हर संभव प्रयास कर रही थी। इसके लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी जानकारी का मिलान किया जा रहा था। इसके बाद गुरुवार शाम को उसकी शिनाख्त रमेश कुमार के रूप में हो पायी। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा जा रहा है, जिसके बाद उसकी मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780202 Articles

Share this story