नैनीझील में युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
नैनीझील में युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस


नैनीताल, 26 जून (हि.स.)। नैनी झील में एक युवक का शव मिलने से नगर में सनसनी फैल गयी। सुबह की सैर पर निकले लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को झील से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने घटना से पहले अपनी बहन को वीडियो कॉल कर आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात कही थी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

नैनीताल पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह तल्लीताल क्षेत्र के ठंडी सड़क स्थित फांसी गधेरा के समीप समर हाउस के पास नैनी झील में एक युवक का शव उतराता मिला। सूचना पर अपर उप निरीक्षक सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी 45 वर्षीय मनीष के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी एकत्र किए तथा शव को पंचनामा भरने के बाद डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय से संबद्ध बीडी पांडे चिकित्सालय भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि गुरुवार रात युवक ने ठंडी सड़क क्षेत्र से अपनी बहन को वीडियो कॉल कर बताया था कि वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने जा रहा है। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह नैनी झील में शव मिलने के बाद पुलिस मृत्यु के कारणों की जांच कर रही है। वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story