नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण: अफवाहों से बचने की अपील, हेमकुंड साहिब और चारधाम यात्रा सुचारू

WhatsApp Channel Join Now
नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण: अफवाहों से बचने की अपील, हेमकुंड साहिब और चारधाम यात्रा सुचारू


नगरासू गुरुद्वारा प्रकरण: अफवाहों से बचने की अपील, हेमकुंड साहिब और चारधाम यात्रा सुचारू


रुद्रप्रयाग, 21 जून (हि.स.)। नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून को हुए विवाद के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में होने का दावा करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा सामान्य रूप से संचालित हो रही है तथा कहीं भी कोई व्यवधान नहीं है।

पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि 20 जून को अपराह्न 3:40 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से नगरासू गुरुद्वारे में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही घोलतीर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में गुरुद्वारे के सेवादारों और कुछ निहंग सिख यात्रियों के बीच किसी विषय को लेकर विवाद सामने आया।

उन्होंने बताया कि पुलिस और प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों से वार्ता की। इस दौरान कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए और छत तक जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया। प्रशासन, पुलिस और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति लगातार संबंधित व्यक्तियों से संवाद कर रही है। वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और एक निहंग सिख छत से नीचे उतरकर अधिकारियों से बातचीत कर रहा है, जबकि अन्य लोगों से भी संवाद जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही कई सूचनाओं को भ्रामक और तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है और न ही किसी को बंधक बनाया गया है। गुरुद्वारे में लंगर, अरदास और अन्य धार्मिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं तथा श्रद्धालुओं का आवागमन भी निर्बाध बना हुआ है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा और चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। यात्रा मार्गों पर कहीं भी ट्रैफिक अवरोध नहीं है और सड़क मार्ग सामान्य रूप से खुले हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा प्रभावित होने संबंधी कुछ भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिनका वास्तविक स्थिति से कोई संबंध नहीं है। जिला प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों तथा श्रद्धालुओं से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अपुष्ट खबरों को साझा न करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story