‘सेब महोत्सव 3.0’ आठ अक्टूबर से देहरादून में

WhatsApp Channel Join Now
‘सेब महोत्सव 3.0’ आठ अक्टूबर से देहरादून में


देहरादून, 6 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से आठ और नौ अक्टूबर को देहरादून के आईटी पार्क स्थित क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में ‘सेब महोत्सव 3.0’ का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन आठ अक्टूबर को सुबह 10 बजे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन करेंगे।

महोत्सव में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के उच्च गुणवत्ता वाले कृषि एवं ग्रामीण उत्पादों को प्रदर्शित और बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। हर्षिल, चकराता और रामगढ़ के ‘ए’ ग्रेड सेब तथा कपकोट और रामगढ़ की उच्च गुणवत्ता वाले कीवी प्रमुख आकर्षण होंगे।

नाबार्ड के अनुसार महोत्सव में रॉयल डिलीशियस, गोल्डन डिलीशियस, गाला और रेड डिलीशियस जैसी सेब की किस्में उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा ताजी सब्जियां, देशी घी, जैविक सरसों तेल, जैविक गुड़, जैविक दालें, हिमालयी शहद समेत विभिन्न प्राकृतिक एवं ग्रामीण उत्पाद भी खरीदे जा सकेंगे।

आयोजन में ऐपण कला, ताम्र शिल्प, रिंगाल हस्तशिल्प और उत्तराखंड के अन्य पारंपरिक और जीआई उत्पादों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। महोत्सव सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।

नाबार्ड का उद्देश्य अपनी विकास परियोजनाओं से जुड़े किसानों, जनजातीय समुदायों और कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को उनके उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए बाजार उपलब्ध कराना है। महोत्सव में प्रदेश के पांच जिलों में नाबार्ड समर्थित जनजातीय विकास परियोजनाओं और एफपीओ से जुड़े उत्पादक हिस्सा लेंगे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story