मसूरी में वीकेंड पर उमड़ी पर्यटकों की भीड़, पानी वाले बैंड पर लगा लंबा जाम
मसूरी, 13 सितंबर (हि.स.)। वीकेंड पर पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। इससे होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और अन्य पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों में उत्साह नजर आया। हालांकि, देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास क्षतिग्रस्त सड़क के कारण पर्यटकों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा।
रविवार को दिल्ली, पंजाब समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचे। मालरोड और बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही। पर्यटकों की आमद बढ़ने से पर्यटन कारोबार को भी गति मिली। दूसरी ओर, पानी वाले बैंड के पास सड़क संकरी और क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण देहरादून से मसूरी पहुंचने में पर्यटकों को कई घंटे लग गए।
दिल्ली से मसूरी पहुंचे पर्यटक शुभांशु चौधरी ने बताया कि परिवार के साथ घूमने आए थे, लेकिन देहरादून से मसूरी पहुंचने में करीब तीन घंटे लग गए। पानी वाले बैंड के पास काफी देर तक जाम में फंसे रहे। उन्होंने सड़क की स्थिति जल्द सुधारने की आवश्यकता बताई।
पंजाब से आए पर्यटक जसबीर सिंह ने कहा कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर जाम के कारण यात्रा में काफी समय लग रहा है। उन्होंने सड़क की स्थिति में सुधार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत बताई।
व्यापारियों का कहना है कि वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती आमद मसूरी के पर्यटन कारोबार के लिए सकारात्मक है। होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और छोटे कारोबारियों को इसका लाभ मिलता है। हालांकि, मार्ग पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रहने से पर्यटकों के अनुभव पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने पानी वाले बैंड के पास क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वीकेंड और पर्यटन सीजन में वाहनों का दबाव बढ़ जाता है, ऐसे में सड़क सुधार के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

