मसूरी में 15.5 एकड़ में बनेगा प्रकृति उद्यान, पर्यटन व पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
मसूरी में 15.5 एकड़ में बनेगा प्रकृति उद्यान, पर्यटन व पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा


देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। पर्यटन नगरी मसूरी में पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल के तहत 15.5 एकड़ क्षेत्रफल में प्रकृति उद्यान (ईको पार्क) विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में प्रस्तावित यह परियोजना पर्यटन विकास के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर केंद्रित है। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि मसूरी में बढ़ते पर्यटक दबाव को देखते हुए पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन मॉडल विकसित करना आवश्यक हो गया है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से हुसैनगंज क्षेत्र में इस परियोजना को साकार किया जाएगा।

प्रस्तावित उद्यान को प्राकृतिक स्वरूप को संरक्षित रखते हुए विकसित किया जाएगा। इसमें कृत्रिम जलाशय, वन पथ, बाल उद्यान और साहसिक गतिविधियों के लिए विशेष क्षेत्र बनाए जाएंगे। साथ ही आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, गज़ीबो, योग पथ और भोजनालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

परियोजना के अंतर्गत स्थानीय प्रजातियों के वृक्षों और पौधों का रोपण कर जैव विविधता को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा एक लघु संग्रहालय भी स्थापित किया जाएगा, जिसमें मसूरी और आसपास के क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यावरणीय विशेषताओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। न्यूनतम कंक्रीट और अधिकतम स्थानीय संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया जाएगा, जिससे पर्यावरणीय प्रभाव कम हो और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिले।

अधिकारियों के अनुसार यह प्रकृति उद्यान न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि स्थानीय निवासियों को भी प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने के लिए एक सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story