मसूरी में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, श्रीराम की निकली शोभायात्रा,गांधी चौक पर रावण दहन

WhatsApp Channel Join Now
मसूरी में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, श्रीराम की निकली शोभायात्रा,गांधी चौक पर रावण दहन


-झांकियों और लोक कलाकारों ने बांधा समां, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजे बाजार

मसूरी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। पर्यटन नगरी मसूरी में मंगलवार को दशहरा पर्व धार्मिक उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। सनातन धर्म सभा की ओर से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें राम दरबार, वनवासी राम परिवार, भगवान शिव और मां दुर्गा की झांकियां शामिल रहीं। शोभायात्रा के गांधी चौक पहुंचने पर रावण के पुतले का दहन किया गया।

शोभायात्रा से पहले श्री सनातन धर्म मंदिर में भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बैंड-बाजों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ यात्रा शुरू हुई। मलिंगार चौक, गुरुद्वारा चौक, लंढौर बाजार, घंटाघर, कुलड़ी और माल रोड से होते हुए शोभायात्रा गांधी चौक पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया और जय श्रीराम के जयकारे लगाए।

शोभायात्रा में स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर प्रस्तुतियां दीं। धार्मिक झांकियों के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। शोभायात्रा के कुलड़ी पहुंचने पर श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति और गांधी चौक पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर समिति की ओर से पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

गांधी चौक पर रावण दहन के बाद शोभायात्रा वापस श्री सनातन धर्म मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्रीराम का राजतिलक किया गया। आयोजन के दौरान मसूरी के बाजारों में भी चहल-पहल रही और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तथा पर्यटक शोभायात्रा देखने के लिए जुटे।

इस अवसर पर सनातन धर्म मंदिर सभा के अध्यक्ष दीपक गुप्ता, मंत्री नीरज अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी, कांग्रेस नेता उपेंद्र थापली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764060 Articles

Share this story