मसूरी में शरदोत्सव का रंगारंग आगाज, लोक संस्कृति के रंग में रंगी पर्यटन नगरी

WhatsApp Channel Join Now
मसूरी में शरदोत्सव का रंगारंग आगाज, लोक संस्कृति के रंग में रंगी पर्यटन नगरी


मसूरी में शरदोत्सव का रंगारंग आगाज, लोक संस्कृति के रंग में रंगी पर्यटन नगरी


देहरादून, 06 अक्टूबर (हि.स.)। पर्यटन नगरी मसूरी में मंगलवार को पांच दिवसीय ‘मसूरी शरदोत्सव-2026’ का रंगारंग आगाज हुआ। नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित शरदोत्सव में पहले दिन उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक कला और संगीत की झलक देखने को मिली। यह आयोजन छह से 10 अक्टूबर तक चलेगा।

गांधी चौक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने ध्वजारोहण कर शरदोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान रिमझिम बारिश, घना कोहरा और ठंडी हवाएं भी उत्सव के माहौल को फीका नहीं कर सकीं। स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों ने आयोजन में हिस्सा लिया।

उद्घाटन के बाद नगर पालिका टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत पद्मश्री बसंती बिष्ट के जागर गायन से हुई। उन्होंने पारंपरिक जागर शैली में प्रस्तुति देकर उत्तराखंड की लोक एवं देव संस्कृति से जुड़े गीतों के माध्यम से दर्शकों को अपनी संस्कृति से जोड़ा। इसके बाद पांडवाज बैंड के कलाकारों ने पारंपरिक उत्तराखंडी वाद्ययंत्रों और आधुनिक वाद्ययंत्रों के मेल से गढ़वाली गीतों की प्रस्तुति दी। बैंड की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

शरदोत्सव के तहत खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत भी हुई। पहले दिन एमपीजी कॉलेज में मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में स्नूकर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

आयोजकों के अनुसार शरदोत्सव का उद्देश्य मसूरी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोक संस्कृति, कला, संगीत और परंपराओं को मंच उपलब्ध कराना है। पांच दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

उद्घाटन अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, एसडीएम राहुल आनंद, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष जसोदा शर्मा, पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और पर्यटक मौजूद रहे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story