फरहान साबिर की आवाज पर झूमी मसूरी, सूफियाना अंदाज ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
फरहान साबिर की आवाज पर झूमी मसूरी, सूफियाना अंदाज ने बांधा समां


-‘द वॉयस इंडिया’ के विजेता ने शरदोत्सव की संगीत संध्या में बिखेरा सुरों का जादू

मसूरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शरदोत्सव की संगीत संध्या में शनिवार को गायक फरहान साबिर की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में ‘द वॉयस इंडिया’ के विजेता और ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ के फाइनलिस्ट फरहान साबिर ने नए-पुराने गीतों और कव्वालियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके सूफियाना अंदाज और दमदार आवाज पर युवा देर तक झूमते रहे। प्रस्तुति के दौरान सभागार तालियों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में फरहान साबिर ने कहा कि मसूरी में प्रस्तुति देने के लिए राहुल छाबड़ा ने उनसे संपर्क किया था। यहां आने के बाद उन्हें उम्मीद से कहीं अधिक प्यार और अपनापन मिला। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं की अच्छी भागीदारी देखकर उन्हें खुशी हुई। मसूरी के लोगों से मिले स्नेह को उन्होंने यादगार अनुभव बताया।

फरहान ने बताया कि वह कई रियलिटी शो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। ‘द वॉयस इंडिया’ का खिताब जीतने और ‘इंडियाज गॉट टैलेंट’ के फाइनल तक पहुंचने के दौरान उन्हें दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि हर प्रस्तुति श्रोताओं के लिए यादगार बने। इसी उद्देश्य से वह नए गीतों पर भी काम करते रहते हैं। उनके कुछ नए गाने जल्द रिलीज होने वाले हैं, जिन्हें लेकर वह उत्साहित हैं।

उन्होंने बॉलीवुड में गायन का अवसर मिलने की जानकारी भी दी, हालांकि संबंधित परियोजना के बारे में विस्तार से बताने से परहेज किया। उन्होंने चर्चित कलाकार तनु रावत के साथ काम करने का अवसर मिलने की बात भी कही।

मसूरी में 12 साल बाद शरदोत्सव की वापसी पर खुशी जताते हुए फरहान साबिर ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन स्थापित कलाकारों के साथ उभरती प्रतिभाओं को भी मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे कलाकारों को अपनी पहचान बनाने और दर्शकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मसूरी में भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे।

फरहान साबिर ने नगर पालिका और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया तथा दोबारा मसूरी आने की इच्छा जताई। उनकी प्रस्तुति शरदोत्सव की संगीत संध्या का प्रमुख आकर्षण रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story