हरिद्वार में जूना अखाड़े के दो साधुओं की हत्या का मामला: मुख्य पुजारी समेत कई आरोपी फरार, मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार में जूना अखाड़े के दो साधुओं की हत्या का मामला: मुख्य पुजारी समेत कई आरोपी फरार, मुकदमा दर्ज


हरिद्वार, 21 जुलाई (हि.स.)। पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या के सनसनीखेज मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि हत्या से पहले मंदिर परिसर में शराब पी गई थी और घटना के बाद मंदिर का मुख्य पुजारी समेत कई लोग फरार हो गए। पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मंदिर परिसर में लगे सात सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।

जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे शव

पुलिस के अनुसार, मंदिर के सेवादार पंकज ने दो साधुओं के लापता होने और अनहोनी की आशंका जताते हुए सूचना दी थी। इसके बाद पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के पास जंगल में खुदाई कराई गई, जहां गड्ढे से दो साधुओं के शव बरामद हुए। मृतकों में एक की पहचान सेवागिरि के रूप में हुई है, जबकि दूसरे साधु की पहचान की प्रक्रिया जारी है।शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और सेवादार पंकज की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

तहरीर में लगाए गए गंभीर आरोप

एफआईआर के अनुसार, 18 जुलाई की रात मंदिर परिसर में साधु उत्तम गिरि, सेवा गिरि, अखिल गिरि, एक अन्य साधु, आशू, पंडित राममिलन सहित कई लोग मौजूद थे। आरोप है कि रात के समय सेवागिरि और उत्तम गिरि शराब पी रहे थे। इसी दौरान सेवादार पंकज को धमकाया गया और उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।

तहरीर में यह भी कहा गया है कि 19 जुलाई की सुबह करीब साढ़े चार बजे पंकज ने मंदिर के पास जंगल में उत्तम गिरि और आशू को गड्ढा खोदते देखा। इसके बाद उसे मंदिर से बाहर भेज दिया गया। बाद में अन्य लोगों से जानकारी मिली कि मंदिर में दो साधुओं की हत्या कर दी गई है।

मुख्य पुजारी समेत कई आरोपी फरार

घटना के बाद से उत्तम गिरि, अखिल गिरि, राममिलन और आशू फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस को मंदिर के मुख्य पुजारी पर भी संदेह है, जो घटना के बाद से लापता है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।

जूना अखाड़े से जुड़े थे दोनों साधु

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक साधु जूना अखाड़े से जुड़े हुए थे, हालांकि वे अखाड़े में न रहकर विभिन्न मंदिरों में निवास करते थे।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story