हत्या के मामले में महिला समेत तीन वांछित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
हत्या के मामले में महिला समेत तीन वांछित गिरफ्तार


हरिद्वार, 12 सितंबर (हि.स.)। भगवानपुर थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद उपचार के दौरान हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत तीन वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीनों को पुहाना चौक के पास से हिरासत में लिया। आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को ग्राम नन्हेड़ा निवासी अभिषेक की पत्नी ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नामजद आरोपितों ने उसके पति अभिषेक के साथ मारपीट की थी। मारपीट में घायल अभिषेक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान देहरादून के अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। तहरीर के आधार पर भगवानपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।

भगवानपुर पुलिस लगातार वांछित आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पुहाना चौक के पास से तीन वांछित आरोपितों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में मोहित पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम नन्हेड़ा, थाना भगवानपुरय सतीश पुत्र हरि सिंह, निवासी मोहल्ला हलवाईयान, थाना चरथावल, जिला मुजफ्फरनगर तथा एक महिला आरोपी, निवासी ग्राम नन्हेड़ा अनन्तपुर, थाना भगवानपुर शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story