शराब कैंटीन संचालक हत्याकांड: मुठभेड़ में मुख्य आरोपित गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
हरिद्वार, 23 अगस्त (हि.स.)। सिविल लाइन कोतवाली रुड़की क्षेत्र के ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगला इमरती क्षेत्र में पुलिस और बाइक सवार तीन संदिग्धों के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सौरभ पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बाद में उसके फरार दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 21 अगस्त की रात ढंडेरा में 26 वर्षीय शराब कैंटीन संचालक अमन की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगला इमरती गांव के पास बाइक पर तीन संदिग्ध मौजूद हैं। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
घायल आरोपी की पहचान सौरभ पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सौरभ ने अमन हत्याकांड में खुद समेत तीन लोगों के शामिल होने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाकर फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी (19), पुत्र कुलबीर सैनी, निवासी ठसका, कोतवाली मंगलौर और दीप यादव (19), पुत्र जोगिंदर यादव, निवासी माता वाला हसन बाग, लंढौरा, कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

