सुल्तानपुर में बहुद्देशीय शिविर, 220 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

WhatsApp Channel Join Now
सुल्तानपुर में बहुद्देशीय शिविर, 220 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ


हरिद्वार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत गुरुवार को नगर पंचायत सुल्तानपुर में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।

राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 250 नागरिकों ने प्रतिभाग किया, जबकि 220 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों के आवेदन प्राप्त किए।

शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के साथ ही कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष छह शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया। उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला ने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि बाबू ताहिर हसन, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी प्रियंका ध्यानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761365 Articles

Share this story