बहुद्देशीय शिविर, 755 नागरिकों ने उठाया लाभ
हरिद्वार, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड शासन के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत मंगलवार को विकासखंड सभागार नारसन में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।
ब्लॉक प्रमुख कोमल देवी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में क्षेत्र के 755 नागरिकों ने प्रतिभाग कर विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाया।
शिविर को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख श्रीमती कोमल देवी ने कहा कि बहुद्देशीय शिविर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को समय और श्रम की बचत होती है।
उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों, समस्याओं और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जानकारी लें और पात्र लोगों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से 25 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर के दौरान 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्रमाण-पत्रों एवं अन्य सेवाओं के लिए 65 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 325 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में जिलाध्यक्ष भाजपा रुड़की डॉ. मधु सिंह, राज्य मंत्री आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, अजीत सिंह चौधरी, दिनेश कौशिक, वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, खंड विकास अधिकारी पवन सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

