मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : देशराज
हरिद्वार, 12 जून (हि.स.)। उपाध्यक्ष, समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति (राज्य मंत्री स्तर) तथा पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने शुक्रवार को जनपद हरिद्वार के ग्राम रसूलपुर में आयोजित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। शिविर में उन्होंने ग्रामीणों और लाभार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
ग्राम रसूलपुर के बारात घर में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को उपलब्ध कराई गई। इस दौरान देशराज कर्णवाल ने विशेष रूप से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार का संकल्प है कि समाज कल्याण की सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से ऐसे बहुद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
देशराज कर्णवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाया जा रहा एसआईआर अभियान लोकतांत्रिक शासन प्रणाली को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और भविष्य में यह अभियान लोकतंत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

