आईआईटी रुड़की में ‘एमएसएमई इनोवेटिव (डिज़ाइन) स्कीम’ पर जागरूकता सत्र

WhatsApp Channel Join Now
आईआईटी रुड़की में ‘एमएसएमई इनोवेटिव (डिज़ाइन) स्कीम’ पर जागरूकता सत्र


हरिद्वार, 23 मार्च (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के डिज़ाइन इनोवेशन सेंटर द्वारा ‘एमएसएमई इनोवेटिव (डिज़ाइन) स्कीम’ विषय पर उद्योग-अकादमिक सहभागिता को सुदृढ़ करने हेतु एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम डिज़ाइन विभाग, आईआईटी रुड़की तथा विकास एवं सुविधा कार्यालय (एमएसएमई-डीएफओ), हल्द्वानी एवं देहरादून के सहयोग से होटल रामाडा बाय विंडहैम, देहरादून में संपन्न हुआ।

योजना का उद्देश्य भारतीय विनिर्माण क्षेत्र और डिज़ाइन विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाकर डिजाइन-आधारित विनिर्माण विकास को प्रोत्साहित करना है। इसके अंतर्गत एमएसएमई इकाइयों को वास्तविक समय की डिज़ाइन समस्याओं के लिए लागत-प्रभावी समाधान, नए उत्पाद विकास, निरंतर सुधार और मूल्य संवर्धन हेतु विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाता है।

प्रो. इंदरदीप सिंह, अधिष्ठाता अवसंरचना एवं समन्वयक, डिज़ाइन इनोवेशन सेंटर ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में इस योजना के अंतर्गत चार कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम में डॉ. एस.के. नेवार, एस.सी. कंडपाल, अमित मोहन सहित विभिन्न सरकारी एजेंसियों के अधिकारी और क्षेत्रीय उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story