सांसद अजय भट्ट ने शराब की दुकानों को निरस्त करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सांसद अजय भट्ट ने शराब की दुकानों को निरस्त करने की मांग


नैनीताल, 31 मार्च (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से नैनीताल जनपद के रातीघाट, मंगोली और बजून क्षेत्र में प्रस्तावित विदेशी मदिरा की दुकानों को निरस्त करने की मांग की है।

सांसद ने दूरभाष पर वार्ता और पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इन क्षेत्रों में शराब की दुकान खोलने की प्रक्रिया शासन स्तर पर चल रही है, जिसका स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा विरोध किया जा रहा है।

अजय भट्ट ने कहा कि संबंधित क्षेत्र प्रमुख ग्रामीण बाजार होने के साथ-साथ आसपास के गांवों के लोगों की दैनिक आवश्यकताओं का केंद्र है, जहां विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज भी स्थित हैं। ऐसे में यहां मदिरा की दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो सकता है तथा छात्र-छात्राओं और महिलाओं को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि निकट स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम के कारण यह विषय जनभावनाओं से भी जुड़ा हुआ है।

सांसद ने जिलाधिकारी से भी वार्ता कर जनहित, सामाजिक मर्यादा और स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित दुकानों को निरस्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story