साबरी जामा मस्जिद का बेसमेंट बना जलाशय, पानी में नमाज पढ़ने को मजबूर नमाजी
हरिद्वार, 04 सितंबर (हि.स.)। बारिश ने पिरान कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक परिसर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शुक्रवार को बारिश का पानी साबरी जामा मस्जिद के बेसमेंट में भर गया। जुमे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे नमाजियों को जगह की कमी के चलते इसी बेसमेंट में जाना पड़ा, जहां पानी भरा होने के बावजूद उन्हें नमाज अदा करनी पड़ी।
दरअसल, दरगाह साबिर पाक का सालाना उर्स के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज के लिए आसपास के क्षेत्रों से हजारों नमाजी दरगाह साबिर पाक की साबरी जामा मस्जिद पहुंचे। नमाजियों की भारी भीड़ के चलते मस्जिद का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह भर गया। ऊपरी हिस्से में जगह नहीं बचने पर बड़ी संख्या में नमाजियों को बेसमेंट में जाना पड़ा। लेकिन बारिश के कारण बेसमेंट में पहले से ही पानी भरा हुआ था। नमाज का समय होने और दूसरी जगह पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण नमाजियों को पानी के बीच ही जुमे की नमाज अदा करनी पड़ी।
नमाजियों ने कहा कि दरगाह साबिर पाक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं और नमाज के लिए साबरी जामा मस्जिद में आते हैं। ऐसे में बारिश के दौरान बेसमेंट में पानी भर जाना गंभीर समस्या है। उनका कहना था कि नमाज के लिए आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश होते ही मस्जिद के बेसमेंट में पानी भरने की समस्या सामने आती है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से बेसमेंट में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। बारिश के बीच पानी में नमाज अदा करने की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद मस्जिद की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

