विकास कार्यों में समन्वय और पारदर्शिता पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
विकास कार्यों में समन्वय और पारदर्शिता पर जोर


पौड़ी गढ़वाल, 16 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में विकास कार्यों को गति देने और आजीविका उन्मुख योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय समन्वय, पारदर्शी लाभार्थी चयन और मनरेगा कन्वर्जेंस के माध्यम से कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

विकास भवन सभागार में आयोजित मासिक बैठक में सीडीओ ने कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रैगन फ्रूट और मशरूम जैसी नवाचार आधारित फसलों को बढ़ावा देने और स्वयं सहायता समूहों को इससे जोड़ने पर बल दिया।

मुख्य विकास अधिका ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग के साथ बेहतर तालमेल बनाकर योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जाए, जिससे ग्रामीणों की आजीविका मजबूत हो और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिले।

सीडीओ ने समूह आधारित गतिविधियों के जरिए क्लस्टर खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर विकासखंड स्तर पर संबंधित विभागों के साथ बैठक आयोजित कर कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही हर माह कम से कम दो समन्वय बैठकें आयोजित करने और तीन दिन के भीतर कार्यवाही विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सर्वोपरि है और लाभार्थियों का चयन निष्पक्ष व सत्यापन के आधार पर किया जाए, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को ही योजनाओं का लाभ मिल सके।

इसके अलावा उन्होंने विभागों से प्राप्त प्रस्तावों की गहन जांच के बाद ही उन्हें अग्रसारित करने और मनरेगा कन्वर्जेंस के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों को शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वार्षिक लक्ष्यों की पूर्ति के लिए मासिक प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।बैठक में मनरेगा, एनआरएलएम, यूएसआरएलएम, मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना और प्रोजेक्ट उन्नति की समीक्षा भी की गई।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, एलडीएम किशन रावत, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा सहित सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story