भारी बारिश से उत्तराखंड में सड़कें प्रभावित, 132 मार्ग बंद
देहरादून, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण मंगलवार को कुल 272 सड़कें बाधित हुईं। इनमें से 100 मार्गों पर यातायात बहाल कर दिया गया, जबकि शाम तक 132 सड़कें अभी भी बंद थीं। मार्गों को खोलने के लिए राज्यभर में 721 मशीनें तैनात की गई हैं।
राज्य आपदा एवं सड़क प्रबंधन रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक 110 ग्रामीण (पीएमजीएसवाई) सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 20 लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़कें और दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी अवरुद्ध हैं।
जिलावार स्थिति में सबसे अधिक 35 सड़कें चमोली में बंद हैं। इसके बाद पिथौरागढ़ में 22, देहरादून में 14, टिहरी और उत्तरकाशी में 11-11, बागेश्वर में नौ, अल्मोड़ा में आठ, पौड़ी और नैनीताल में सात-सात और रुद्रप्रयाग में छह सड़कें बाधित हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोई सड़क बंद नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार प्रभावित मार्गों को शीघ्र खोलने के लिए संबंधित विभागों की मशीनें और टीमें लगातार राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

