कुमाऊं विवि के नवनियुक्त कुलपति प्रो. सतपाल बिष्ट को ‘भारत गौरव पुरस्कार 2026’
नैनीताल, 07 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के नवनियुक्त एवं सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के वर्तमान कुलपति प्रो. सतपाल बिष्ट को शिक्षा एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट कार्यों के लिए गत 31 अगस्त 2026 को देहरादून में प्रतिष्ठित ‘भारत गौरव पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया है। बताया गया है कि प्रो. बिष्ट उत्तराखंड में कुलपति के रूप में ‘भारत गौरव पुरस्कार’ प्राप्त करने वाले प्रथम व्यक्ति बने हैं।
कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का दायित्व संभालने के बाद विश्वविद्यालय परिवार में उनके सम्मान को लेकर विशेष उत्साह है। ‘भारत गौरव पुरस्कार’ के रूप में मिली यह उपलब्धि उनके शैक्षणिक एवं प्रशासनिक योगदान को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मान के रूप में रेखांकित करती है। सम्मान मिलने पर कुमाऊं विश्वविद्यालय और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों ने प्रो. बिष्ट को बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि दोनों विश्वविद्यालयों के साथ पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने प्रो. बिष्ट के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां युवा पीढ़ी और विद्यार्थियों को शिक्षा, शोध तथा उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

