महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, 65 वर्षीय बुजुर्ग पर मुकदमा
हरिद्वार, 28 अगस्त (हि.स.)। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के एक गांव में महिला से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने 65 वर्षीय बुजुर्ग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव में किसी बात को लेकर महिला और बुजुर्ग के बीच कहासुनी हो गई थी।
विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान बुजुर्ग ने महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की।
घटना के बाद महिला ने अपने पति को जानकारी दी। पति ने मंगलौर कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर पर पुलिस ने शेदपुरा निवासी जय कुमार (65) के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला और उसके पति से जानकारी जुटाई जा रही है। निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

