ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र से पहले परखी तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now
ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र से पहले परखी तैयारियां


नैनीताल, 17 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल में आसन्न ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में शुक्रवार को मल्लीताल स्थित रोपवे क्षेत्र में आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान थाना मल्लीताल पुलिस, अग्निशमन सेवा तथा राज्य आपदा मोचन बल की संयुक्त टीमों ने राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास कर त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की प्रभावशीलता परखी।

भारत सरकार एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य एजेंसियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान रोपवे का संचालन बाधित होने या दुर्घटना की स्थिति में समन्वित कार्रवाई कैसे की जाए, इसका व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। एनडीआरएफ के कमांडिंग अधिकारी डॉ. राजेंद्र जोशी ने एजेंसियों को आवश्यक उपकरणों सहित समयबद्ध उपस्थिति एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। अभ्यास में आपदा मित्र एवं स्वयंसेवकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई, जिससे सामुदायिक स्तर पर आपदा प्रबंधन क्षमता को सुदृढ़ किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story