उमेश कुमार ने कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों को किया खारिज

WhatsApp Channel Join Now
उमेश कुमार ने कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों को किया खारिज


हरिद्वार, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड कांग्रेस में खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वह न कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं और न भाजपा में। उन्होंने कहा कि वह जन निर्माण पार्टी की सदस्यता लेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव खानपुर से उसी के टिकट पर लड़ेंगे।

विधायक उमेश शर्मा ने करीब साढ़े सात मिनट का वीडियो जारी कर इन अटकलों को खारिज किया। कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लगता है कि कांग्रेस में चल रहे घटनाक्रम के पीछे उनका हाथ है, जबकि उनका चुनावी क्षेत्र खानपुर ही रहेगा।

टैक्सी किराये से जुड़े आरोपों पर उन्होंने कहा कि उनके परिसर में करीब 100 वाहन खड़े रहते हैं, ऐसे में उनके द्वारा टैक्सी किराया नहीं देने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता ने ऐसा किया है तो उसके लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

हरीश रावत पर निशाना साधते हुए उमेश कुमार ने कहा कि वह कांग्रेस में क्यों जाना चाहेंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई नेता पहले उनके संपर्क में रहे हैं और उनसे मदद मांगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि शायद उनके भाग्य में ही लिखा था कि उनके कारण रावत की सरकार गिरे।

कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि उनके इतने बुरे दिन नहीं आए हैं कि वह कांग्रेस में शामिल होकर नारे लगाएं। उन्होंने कहा कि हरीश रावत का वह सम्मान करते हैं, लेकिन खुद को उनसे कमतर नहीं मानते। उनके अनुसार, जब रावत मुख्यमंत्री थे, तब भी वह उनसे नहीं डरे।

उमेश कुमार ने कहा कि उनकी राजनीति कमीशनखोरी पर आधारित नहीं है और वह गरीबों के मुद्दों को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस में उनके शामिल होने की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता दिखाई दे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story